कलेक्टर बंसल ने जगदलपुर शहर में संचालित विकास कार्यों का किया अवलोकन
कलेक्टर बंसल ने जगदलपुर शहर में संचालित विकास कार्यों का किया अवलोकन
कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के दिए निर्देश
हिंदुस्तान समाचार जगदलपुर, 18 जून 2021/ कलेक्टर रजत बंसल ने आज जगदलपुर शहर में संचालित विकास कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने यहां इतवारी बाजार में निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग और लालबाग में किए जाने वाले सौंदर्यीकरण कार्य का अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने विवेकानंद स्कूल में संचालित कार्यों का अवलोकन भी किया।
कलेक्टर ने इतवारी बाजार में बन रहे मल्टीलेवल पार्किंग के
कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने मल्टीलेवल पार्किंग को उच्च गुणवत्ता के साथ बनाने के निर्देश देते हुए यहां सामग्री की गुणवत्ता परीक्षण के लिए तत्काल प्रयोगशाला स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्य की गति बढ़ाने के लिए उपकरणों की स्थापना के साथ ही चैबीसों घंटे निर्माण कार्य जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर की आवश्यकता को देखते हुए पार्किंग क्षमता का विस्तार भविष्य में किया जा सकता है। उन्होंने बारिश के दौरान भी कार्य को पूरी गति के साथ जारी रखने के लिए योजनाबद्ध ढंग से इसके निर्माण के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री बंसल ने इसके साथ ही लालबाग क्षेत्र के प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्यों का अवलोकन किया। यहां झीरम के शहीदों की स्मृति में बनाए जाने वाले उद्यान की रूपरेखा सहित ऐतिहासिक नेहरू मंच के सौंदर्यीकरण के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने नेहरु मंच के पास स्थित उद्यान के पास नागरिकों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने लालबाग में प्रकाश की व्यवस्था के लिए हाईमास्क लाईट लगाने के संबंध में निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीएम जीआर मरकाम, नगर निगम के आयुक्त प्रेम पटेल, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता राजीव बत्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
Comments
Post a Comment