बस्तर संभाग ब्यूरो राजेश प्रसाद
मुख्यमंत्री ने बस्तर संभाग में बाढ़ प्रभावितों को त्वरित सहायता और राहत पहुंचाने के दिए निर्देश*
*बाढ़ में फँसे लोगों को मुहैया कराई जा रही है भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधा*
सुकमा, बीजापुर और बस्तर जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं मुख्यमंत्री*
जगदलपुर, 22 अगस्त 2020/ मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने बस्तर संभाग के सुकमा, बीजापुर और बस्तर जिले में लगातार बारिश के कारण उत्पन्न बाढ़ की स्थिति से प्रभावितों को त्वरित आवश्यक सहायता और राहत पहुंचाने के निर्देश संबंधित जिला प्रशासन के अधिकारियों को दिए हैं। मुख्यमंत्री श्री बघेल संबंधित जिला प्रशासन के आला अधिकारियों से लगातार सम्पर्क बनाए हुए हैं। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने कहा है।
बस्तर संभाग के बीजापुर और सुकमा के कुछ इलाके बाढ़ से सर्वाधिक प्रभावित हुए हैं। इन क्षेत्रों में आपदा दल द्वारा राहत और बचाव कार्य किए जा रहे हैं, इसके लिए मुख्यमंत्री ने राहत और बचाव दलों की हौसला अफजाई की है। उन्होंने इस आपदा के समय सभी लोगों से संयम के साथ शासन-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
सुकमा जिले के मुख्यालय सहित दोरनापाल, कोंटा बस्तर और बीजापुर के कई जगहों में राहत शिविर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लोगों को रखा गया है, मुख्यमंत्री के दिशा निर्देशों के अनुरूप प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावितों के लिए सभी जरूरी व्यवस्था की जा रही है।
Comments
Post a Comment