स्वच्छ पेयजल हेतु सेटलिंग टैंक की सफाई जारी: संजय पांडेय
स्वच्छ पेयजल हेतु सेटलिंग टैंक की सफाई जारी: संजय पांडेय
हिंदुस्तान समाचार जगदलपुर:- नगरपालिक निगम द्वारा शहरवासियों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मानसून पूर्व विशेष तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में शहर के पावर हाउस स्थित सेटलिंग टैंक में जमे गाद (सिल्ट) की सफाई का कार्य शनिवार से प्रारंभ किया गया। नगर निगम द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं प्रक्रिया के तहत यह कार्य कराया जा रहा है। कार्य का निरीक्षण करने महापौर संजय पांडेय अपने टीम के साथ पहुंचे।
महापौर संजय पांडेय ने बताया कि मानसून के दौरान इंद्रावती नदी का पानी अत्यधिक मटमैला हो जाता है जिससे जल शोधन प्रक्रिया प्रभावित होने की संभावना रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए बारिश शुरू होने से पहले सेटलिंग टैंकों में वर्षों से जमा गाद को हटाया जा रहा है ताकि जल शोधन प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके और शहरवासियों को निर्बाध रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने बताया कि सफाई कार्य पूरी तरह मैनुअल पद्धति से किया जा रहा है तथा किसी प्रकार की भारी मशीनों का उपयोग नहीं किया जा रहा है। प्रतिदिन 8 से 10 कुशल श्रमिक सुरक्षा उपायों के साथ टैंकों की सफाई में लगे हुए हैं।
संजय पांडेय ने बताया सफाई अभियान के दौरान लगभग 180 टन गाद निकालने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सेटलिंग टैंक की नियमित सफाई जल आपूर्ति व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है क्योंकि अधिक मात्रा में गाद जमा होने से जल शोधन क्षमता प्रभावित होती है। इससे पानी को शुद्ध करने में अधिक मात्रा में रसायनों का उपयोग करना पड़ता है तथा जल गुणवत्ता पर भी असर पड़ सकता है।
महापौर ने आगे बताया कि इंद्रावती नदी से प्राप्त मटमैले पानी को साफ एवं कीटाणुरहित करने के बाद उच्च स्तरीय टंकियों तक पहुंचाया जाता है जहां से विभिन्न वार्डों में पेयजल की सप्लाई की जाती है। यदि समय रहते सेटलिंग टैंकों की सफाई नहीं की जाए तो दूषित पानी की आपूर्ति होने का खतरा बना रहता है जिससे जलजनित बीमारियों की संभावना बढ़ सकती है।
नगर निगम प्रशासन द्वारा नागरिकों के स्वास्थ्य एवं पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए मानसून पूर्व सभी आवश्यक कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है। महापौर ने शहरवासियों से जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा पेयजल संबंधी किसी भी समस्या की सूचना निगम प्रशासन को देने की अपील की है ताकि उसका त्वरित निराकरण किया जा सके। निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, सुरेश गुप्ता, श्रीमती त्रिवेणी रंधारी, पार्षद कुबेर देवांगन, मनोज ठाकुर, संजीव कर्ण सहित तकनीकी अमला उपस्थित रहा।
Comments
Post a Comment