अवैध नल कनेक्शन धारकों पर होगी कड़ी कार्रवाई-संजय पाण्डेय
अवैध नल कनेक्शन धारकों पर होगी कड़ी कार्रवाई-संजय पाण्डेय
17 फरवरी से अवैध नल कनेक्शन धारकों पे होगी कार्यवाही-- सुरेश गुप्ता
जलकर बकायादार शीघ्र राशि जमा करें, अन्यथा होगी कार्यवाही-सुरेश गुप्ता
हिंदुस्तान समाचार जगदलपुर। नगर निगम जगदलपुर द्वारा शहरवासियों को पेयजल एवं निस्तार हेतु नल कनेक्शन के माध्यम से जल आपूर्ति की जाती है। वर्तमान में निगम क्षेत्र में 24 हजार से अधिक जलकर दाता पंजीकृत हैं। इसके अतिरिक्त शहर में बड़ी संख्या में अवैध नल कनेक्शन धारकों के होने की जानकारी प्राप्त हुई है।
यह भी पाया गया है कि कुछ अवैध कनेक्शन धारकों द्वारा निर्धारित मापदंड से अधिक आकार के पाइप लगाए गए हैं तथा विशेषकर गर्मी के मौसम में जल का अत्यधिक उपयोग एवं दुरुपयोग किया जा रहा है। प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं को ध्यान में रखते हुए निगम प्रशासन ने अवैध नल कनेक्शनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया है।
साथ ही जलकर बकायादार उपभोक्ताओं को अंतिम चेतावनी जारी करते हुए बकाया राशि शीघ्र जमा करने का आग्रह किया गया है। अन्यथा नियमानुसार उनके नल कनेक्शन विच्छेदित करने की कार्यवाही की जाएगी।
जल कार्य विभाग के सभापति सुरेश गुप्ता ने बताया कि महापौर संजय पांडे के निर्देशानुसार 17 तारीख से प्रत्येक वार्ड में डोर-टू-डोर नल कनेक्शन की जांच अभियान प्रारंभ किया जाएगा। जांच के दौरान जिन उपभोक्ताओं का जलकर बकाया पाया जाएगा, उनसे तत्काल भुगतान करने का आग्रह किया जाएगा तथा अवैध नल कनेक्शन धारकों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सभापति सुरेश गुप्ता ने सभी नगरवासियों से अपील की है कि वे अपना जलकर समय पर जमा करें। जिन उपभोक्ताओं ने अवैध कनेक्शन ले रखा है, वे स्वेच्छा से आगे आकर अपना कनेक्शन वैध करवाएं। निगम प्रशासन ऐसे उपभोक्ताओं को नियमानुसार सहयोग प्रदान करेगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जांच के दौरान अवैध कनेक्शन पाए जाने पर संबंधित उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक दंड भी लगाया जाएगा।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जब निगम का पीएचई अमला आपके घर नल कनेक्शन की जानकारी हेतु पहुंचे तो पूर्ण सहयोग प्रदान करें, जिससे शहर में सुचारु एवं समान जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
Comments
Post a Comment