बोधघाट थाना से कमिश्नर कार्यालय तक सड़क चौड़ीकरण, नाली व पुलिया निर्माण कार्य का भूमिपूजन संपन्न

बोधघाट थाना से कमिश्नर कार्यालय तक सड़क चौड़ीकरण, नाली व पुलिया निर्माण कार्य का भूमिपूजन संपन्न
 हिंदुस्तान समाचार जगदलपुर बोधघाट थाना से कमिश्नर कार्यालय तक अधोसंरचना मद से प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण, नाली निर्माण एवं पुलिया निर्माण कार्य का भूमिपूजन बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक श्री किरण देव, महापौर संजय पांडेय एवं अन्य अतिथियों के करकमलों से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण  देव ने कहा कि बोधघाट थाना से कमिश्नर कार्यालय तक सड़क चौड़ीकरण, नाली एवं पुलिया 
निर्माण कार्य वार्डवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग और क्षेत्र की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। सड़क चौड़ीकरण होने से आवागमन सुगम होगा तथा राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को राहत मिलेगी। साथ ही नाली और पुलिया निर्माण से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा।
महापौर संजय पांडेय ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। यह मार्ग शहर का महत्वपूर्ण और व्यस्त मार्ग है, जहां सड़क संकरी होने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से आम नागरिकों को परेशानी होती थी। इस कार्य के पूर्ण होने से क्षेत्र का समग्र विकास होगा, यातायात व्यवस्था सुधरेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। नगर निगम शहर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रहा है।
इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, संजय विश्वकर्मा, संग्राम सिंह राणा, पार्षद श्रीमती गिरिजा गुप्ता, नरसिंह राव, खगेंद्र ठाकुर, श्याम सुंदर बघेल, कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज सहित पार्टी के कार्यकर्ता एवं नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments