साइबर जागृति अभियान के तहत विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
साइबर जागृति अभियान के तहत विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
हिंदुस्तान समाचार जगदलपुर पुलिस अधीक्षक जगदलपुर शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा आमजन को साइबर सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान” के तहत थाना परपा पुलिस द्वारा विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसी क्रम में दिनांक 18.08.2026 को विद्या ज्योति स्कूल, जगदलपुर एवं क्राइस्ट कॉलेज, जगदलपुर तथा दिनांक 19.08.2026 को नवीन महाविद्यालय, तोकापाल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में डीएसपी चंद्रहास सिन्हा एवं थाना प्रभारी थाना परपा निरीक्षक भोला सिंह राजपूत की उपस्थिति में विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों के संबंध में जानकारी दी गई तथा साइबर ठगी से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए।
कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले विभिन्न तरीकों जैसे फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी, फर्जी प्रोफाइल, सोशल मीडिया फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट एवं फर्जी लिंक के संबंध में जानकारी देते हुए लोगों से सतर्क एवं जागरूक रहने की अपील की गई।
विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को OTP, UPI PIN, ATM PIN, पासवर्ड एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करते समय विशेष सावधानी बरतने की समझाइश दी गई।
साइबर अपराध अथवा ऑनलाइन वित्तीय ठगी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने तथा cybercrime.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें — साइबर अपराध से बचें।”
Comments
Post a Comment